बिलासपुर , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित चकरभाठा क्षेत्र में कैंसर अस्पताल खोलने के नाम पर तीन करोड़ रुपये की ठगी की गई है।

जानकारी के मुताबिक चकरभाठा थाना क्षेत्र के एक वकील को आरोपी ने झांसा दिया कि स्कॉटलैंड से 103 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट कैंसर अस्पताल खोलने के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी ने इस रकम को क्लियर कराने के नाम पर अलग-अलग शुल्क बताए और धीरे-धीरे करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी कर ली। बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को भरोसेमंद दिखाने के लिए दस्तावेज और लेन देन से जुड़े फर्जी सबूत भी पेश किए, जिससे पीड़ित को यकीन हो गया कि विदेश से रकम आ रही है।

जब लंबे समय तक डीडी क्लियर नहीं हुआ, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और मामले की शिकायत पुलिस से की गई। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित