हल्द्वानी 21मार्च (वार्ता) उत्तराखड में नैनीताल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम सहित भवाली और भीमताल क्षेत्र में प्रत्येक सप्ताहांत (शनिवार और रविवार) के दौरान पर्यटकों की भारी आमद और यातायात के अत्यधिक दबाव की संभावना को देखते हुए, नैनीताल पुलिस ने सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष यातायात परिवर्तन योजना लागू किया गया है। इस योजना के अनुसार भारी वाहनों को प्रत्येक शनिवार और रविवार को अल्मोड़ा/रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब तथा खैरना से परिवर्तित कर वाया रामगढ़/मुक्तेश्वर होकर भेजा जाएगा।

वहीं, हल्द्वानी से पर्वतीय मार्ग पर आवश्यक सेवाओं वाले भारी वाहन अपने निर्धारित रूट से जा सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार मस्जिद तिराहा (भवाली) से पीछे रोका जाएगा अथवा उन्हें रामगढ़ तथा खुटानी मार्ग से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

भीमताल होकर कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग (भीमताल) में पार्क कराया जाएगा। यहाँ से पर्यटक स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली/कैंची धाम जा सकेंगे।

गेठिया/नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटक जो पर्यटक वाया गेठिया/नैनीताल होकर कैंची धाम जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क किया जाएगा। यहाँ से भी दर्शन के लिए स्थानीय शटल सेवा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों, वाहन मालिकों और चालकों से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए उक्त यातायात प्लान का पालन करें। सुरक्षित और सुखद यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित