नैनीताल , फरवरी 09 -- उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को कहा कि प्रसिद्ध कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए कैंचीधाम बाइपास निर्माण कार्य 15 जून तक पूर्ण कर लिया जाये और हर हाल में बाईपास पर यातायात शुरू हो जाए।
केबिनेट मंत्री ने यह बात भीमताल विकास भवन में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि यदि कैंची बाईपास मार्ग पर निर्माणाधीन पुल में विलम्ब होता है तो अस्थायी वैलीब्रिज की व्यवस्था कर यातायात शुरू किया जाए।
उन्होंने 12.58 करोड़ रूपये की 5 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायतों को सशक्त करने के लिए 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण हेतु कार्यवाही की जा रही है।
प्रदेश के समस्त जनपदों में नये पंचायत भवनों का निर्माण एवं पुराने पंचायत भवनों का जीर्णाेद्धार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में सड़कों की कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है। अभी तक 14027 (चौदह हजार सत्ताईस) नये गाँवों को सड़क मार्ग प्रदान कर राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़कर गाँवों के विकास के लिये सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना के अंतर्गत अब तक पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत किये जा चुके हैं जबकि 1118 (एक हजार एक सौ अट्ठारह) लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए कि जनपद की सड़कों पर दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे यातायात के दबाव को देखते हुए जनपद की महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण हेतु प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर शासन में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों के अनुरूप ही सड़कों का निर्माण किया जाये ताकि अधिक दबाव के कारण सड़कें जल्दी खराब न हों और हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता विशेष ध्यान दिया जाये।
उन्होंने सिंचाई विभाग से कहा कि क्षतिग्रस्त गूलों एवं नहरों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाये। साथ ही भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने हेतु शीघ्रता से कार्यवाही करते हुए जिला प्रशासन के सहयोग से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाये। उन्होंने भीमताल के ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने, झीलों, नदियों तथा तालाबों में जमा गाद, सिल्ट आदि को हटाने एवं नदियों को साइंटिफिक तरीके से व आसानी से चैनलाइज करने के लिए आधुनिकतम मशीन खरीदने का प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश सिंचाई विभाग के अभियन्ताओं को दिये।
बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट आदि द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित