समस्तीपुर , जनवरी 29 -- नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) एवं बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीटीसीएल) के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने गुरुवार को समस्तीपुर शहर के मगरदही चौक स्थित 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र और नव-निर्मित 220/132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र, ताजपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्युत शक्ति उपकेंद्र में स्थापित कंट्रोल पैनल, फीडर मीटर का अवलोकन एवं उनसे संबंधित रजिस्टरों की गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए विद्युत कार्यों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य करने के लिए संबंधित कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए।
प्रबंध निदेशक ने विद्युत शक्ति उपकेंद्र, ग्रिड उपकेंद्र एवं लाइन अनुरक्षण कार्यों में मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा अनुरक्षण से संबंधित सभी रजिस्टरों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।
प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने निरीक्षण के क्रम में ग्रिड उपकेंद्र, ताजपुर परिसर में विद्युत अभियंताओं एवं कर्मचारियों के लिए निर्माणाधीन आवासीय क्वार्टर के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही ग्रिड के कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर विद्युत उपलब्धता, सेफ्टी उपकरणों की स्थिति आदि की जानकारी प्राप्त की एवं ग्रिड संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्रिड से निर्गत 33 केवी के वे फीडर, जो बनकर नो लोड पर चार्ज हैं, उन पर शीघ्र विद्युत भार देने के लिए संबंधित विद्युत अभियंताओं को निर्देश दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित