तिरुवनंतपुरम , जनवरी 14 -- केरल विधानसभा का 16 वां सत्र 20 जनवरी से राज्यपाल के नीतिगत अभिभाषण के साथ शुरू होगा और बजट 29 जनवरी को पेश किया जायेगा।

सत्र कैलेंडर के अनुसार, विधानसभा की कार्यवाही 20 जनवरी से 26 मार्च के बीच कुल 32 दिनों तक चलेगी। इस सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा और उस पर चर्चा कर उसे पारित किया जाएगा।

राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 22, 27 और 28 जनवरी के दिन निर्धारित किये गये हैं। राज्य का बजट 29 जनवरी को सदन में पेश किया जाएगा, जिसके बाद दो, तीन और चार फरवरी को इस पर सामान्य चर्चा होगी। पांच फरवरी को वर्ष 2025-26 के लिए अनुदान की अंतिम पूरक मांगों और पिछले वित्तीय वर्षों से संबंधित अतिरिक्त मांगों पर विचार किया जाएगा।

विधानसभा की बैठक छह से 22 फरवरी के बीच नहीं होगी। इस अवधि के दौरान विषय समितियां अनुदान मांगों की विस्तृत जांच करेंगी। इसके बाद 24 फरवरी से 19 मार्च तक सदन की 13 बैठकें होंगी, जिनमें वर्ष 2026-27 की अनुदान मांगों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया जाएगा।

सत्र के दौरान दो विनियोग विधेयक पारित किए जाने का कार्यक्रम है। एक वर्ष 2025-26 की अंतिम पूरक मांगों से संबंधित और दूसरा वर्ष 2026-27 के बजट से संबंधित। इसके अलावा 23 जनवरी, 27 फरवरी और 13 मार्च का दिन 'निजी सदस्यों के कामकाज' के लिये आवंटित किया गया है। कार्य मंत्रणा समिति बाद में सरकारी कामकाज के निर्धारण को अंतिम रूप देगी। निर्धारित एजेंडा पूरा होने के बाद 26 मार्च को विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि अब तक 15वीं केरल विधानसभा के 15 सत्रों में सदन की 182 बैठकें हुई हैं और 158 विधेयक पारित किये गये हैं। इनमें से 14 विधेयक वर्तमान में राज्यपाल के विचाराधीन हैं, जबकि केवल चार अधिसूचित विधेयक विधानसभा के समक्ष लंबित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित