कन्नूर , अक्टूबर 16 -- केरल में पुथियांगडी स्थित अपने किराए के घर में खाना बनाते समय सिलेंडर विस्फोट में बुरी तरह झुलसे ओडिशा के एक और श्रमिक की गुरूवार को मौत हो गयी, जिससे इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गयी है।
ओडिशा के इन प्रवासी श्रमिकों को गंभीर रूप से जलने के बाद 10 अक्टूबर को परियारम स्थित कन्नूर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (केजीएमसीएच) में भर्ती कराया गया था।
मृतक की पहचान ओडिशा के खुर्दा जिले के जिदेंत्रा बेहरा (28) के रूप में हुयी। उसने आज तड़के अस्पताल में दम तोड़ा।
इससे पहले खुर्दा जिले के सुभाष बेहरा (50) की 13 अक्टूबर को, बिशनपुर जिले के निगम बेहरा (38) की 14 अक्टूबर को और बिशनपुर के शिवा बेहरा (34) की 15 अक्टूबर को मृत्यु हुयी थी।
गौरतलब है कि ये सभी श्रमिक 10 अक्टूबर को अपने किराए के घर में सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर विस्फोट में झुलस गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित