नयी दिल्ली , फरवरी 03 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राज्यसभा में सोमवार को सांसद सदानंद मास्टर के उस भावुक भाषण को साझा किया है, जिसमें उन्होंने केरल में उनके साथ कैसे अमानवीय यातना देने के साथ उनके पैर काट दिया गया था। इस दौरान श्री सदानंद ने अपने दोनों नकली पैर को डेस्क पर रखा था।
श्री शाह ने कहा कि श्री सदानंद का यह वीडियो यह दर्शाता है कि कैसे केरल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर दशकों से हो रही राजनीतिक हिंसा जारी है। उन्होंने कहा कि इस भाषण को देखकर किसी भी संवेदनशील व्यक्ति का दिल पसीज जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा में सोमवार को अपने संबोधन में सदानंद मास्टर ने बताया कि किस तरह विचारधारा अलग होने के कारण केरल में भाजपा और संघ के कार्यकर्ताओं को अमानवीय यातनाएं सहनी पड़ी हैं। वर्षों से कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले किए गए, कई लोगों की हत्या हुई और कई को स्थायी शारीरिक नुकसान झेलना पड़ा। उन्होंने अपने भाषण में उन दृश्यों का उल्लेख किया, जिन्हें देखकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी के पैर का काट देना या केवल वैचारिक असहमति के कारण किसी की जान ले लेना किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है। उन्होंने इस हिंसा को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि इसके बावजूद भाजपा और संघ के कार्यकर्ताओं ने धैर्य, साहस और लोकतंत्र में विश्वास बनाए रखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित