पलक्कड़ , दिसंबर 19 -- केरल में वालयार के पास अट्टापलम में चोरी के आरोप में छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दिये जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान बिलासपुर निवासी रामनारायण भायर (31) के रूप में हुई है। रामनारायण चार दिन पहले कांजीकोड स्थित केआईएनआरए पार्क में नौकरी की तलाश में वालयार गया था जहां उसका चचेरा भाई शशिकांत एक स्थानीय फर्म में संविदा कर्मचारी के रूप में काम करता है।

उन्होंने बताया कि घटना 17 दिसंबर की दोपहर उस समय हुई , जब रामनारायण कांजीकोड के पास अट्टापलम इलाके में सड़क किनारे टहल रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों के समूह ने कथित रूप से चोरी के संदेह में उस पर लाठियों से हमला किया। उसके पास से चोरी की कोई वस्तु बरामद नहीं हुई। कई घंटों बाद वह सड़क पर घायलावस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती किया जहां रात में उसकी मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

मृतक के चचेरे भाई शशिकांत ने बताया कि रामनारायण का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और वह अट्टापलम के पास मथलिकडु में इधर-उधर भटक रहा था क्योंकि उसे कांजीकोड जाने का रास्ता नहीं पता था जहां उसके रिश्तेदार रहते हैं। उसकी मौजूदगी से स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने उसे चोर समझ लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित