जयपुर , मार्च 30 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि उम्मीद है कि केरल में इस बार संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) की सरकार बनेगी।

श्री गहलोत ने सोमवार को यहां अपने निवास पर मीडिया से बातचीत में केरल में आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में पूछे गए सवाल पर यह बात की। उन्होंने कहा कि केरल में पिछले 70 वर्षों से एक बार वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) और एक बार यूडीएफ की सरकार बनती नजर आ रही है।

उन्होंने कहा कि पिछली बार वहां ऐसा माहौल बनाया गया मानो कोरोना काल में देश में काम केवल उन्होंने ही किया हो जबकि राजस्थान का काम नंबर वन था, फिर भी हमारी सरकार नहीं बनी। केरल में शिक्षा का स्तर बहुत ऊंचा है। आज़ादी से पहले से ही वहां घर-घर में शिक्षा का माहौल रहा है। वे लोग इस मामले में बहुत आगे बढ़े हुए हैं। वे समझ गए कि वास्तव में सरकार जो कह रही है, वह ठीक है। हम यहां कहते-कहते थक गए कि भीलवाड़ा मॉडल का दुनिया में नाम हुआ, लेकिन ऐसी बातें चुनाव में हमेशा असर नहीं डालतीं। चुनाव में हार-जीत होती रहती है। पर इस बार हमें पूरी उम्मीद है कि केरल में सरकार यूडीएफ की बनेगी।

केरल के मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस पर सॉफ्ट हिंदुत्व की बात कहने के विषय में पूछे गए सवाल पर श्री गहलोत ने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री ऐसी बातें करते ही रहेंगे। वो तो कम्युनिस्ट पार्टी के हैं और हार्डकोर लोग हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित