नयी दिल्ली , फरवरी 07 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्यसभा सांसद संदोश कुमार पी ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर जुलाई 2024 में केरल के वायनाड जिले में हुए विनाशकारी भूस्खलन के बाद केंद्र की ओर से पर्याप्त सहायता नहीं दिए जाने का आरोप लगाया।

7 फरवरी को लिखे पत्र में श्री संदोश कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष 30 जुलाई को चूरलमला और मुंडक्कई सहित कई क्षेत्रों में आए भूस्खलन में 400 से अधिक लोगों की जान गई, सैकड़ों लोग घायल हुए और हजारों परिवार विस्थापित हो गए। इस आपदा से घरों, आजीविका और सार्वजनिक अवसंरचना को भारी क्षति पहुंची।

उन्होंने कहा कि इस त्रासदी के बाद केंद्र सरकार और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से त्वरित और पर्याप्त सहयोग की आवश्यकता थी, लेकिन केरल सरकार और राज्य के सांसदों के बार-बार अनुरोध के बावजूद कोई विशेष पैकेज या अनुदान प्रदान नहीं किया गया।

भाकपा नेता ने कहा कि केंद्र से सहयोग न मिलने के बावजूद केरल की वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने अपने स्तर पर पुनर्वास कार्य शुरू किए। उन्होंने बताया कि स्थायी मकानों और बुनियादी सुविधाओं से युक्त पुनर्वास कॉलोनियों का निर्माण लगभग डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा होने की कगार पर है और उन्हें लाभार्थियों को सौंपा जा रहा है।

श्री संदोश कुमार ने कहा कि उन्होंने हाल ही में पुनर्वास बस्तियों का दौरा किया और संदर्भ के लिए तस्वीरें भी संलग्न की हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की ओर से केवल ऋण के रूप में सहायता दी गई, जिसे उन्होंने मानवीय संकट के समय अपर्याप्त बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित