तिरुवनंतपुरम/नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान गुरुवार को अपने चुनावी अभियान में राज्य के लोगों की करुणा एवं समर्पण और सेवा भाव की जमकर सराहना की।
श्रीमती वाड्रा ने चुनाव प्रचार के दौरान आज एक जनसभा में कहा, "केरल के लोगों में जो करुणा, समर्पण और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का भाव है, वही "केरल की आत्मा" है।" उन्होंने कहा कि उनके भाई राहुल गांधी ने हाल ही में जिक्र किया था कि अस्पताल में उनकी मां की देखभाल करने वाली केरल की नर्सें ने उनकी परिवार के सदस्य की तरह सेवा की। उन्होंने कहा कि अपने संसदीय क्षेत्र में लोगों से मिलने पर उन्हें यही भावना का अहसास हुआ। उन्होंने कहा कि चाहे दुग्ध उत्पादक हों जो अपने पशुओं को परिवार की तरह रखते हैं, या फिर आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, जो 24 घंटे समाज की सेवा में लगे रहते हैं। इसके अलावा, उन्होंने मछुआरों, महिलाओं और अनाथालयों में कार्यरत कैथोलिक ननों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका साहस और सेवा भाव केरल की पहचान है।
ग़ौरतलब है कि केरल चुनाव से कांग्रेस पार्टी को उम्मीदें ज्यादा है, यही वजह है कि गांधी परिवार के द्वारा लगातार वहाँ कैंप और चुनाव प्रचार अभियान को तेज किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित