तिरुवनंतपुरम , मार्च 21 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि इस बार केरल की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है और उसने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों को अपना समर्थन देकर विकसित भारत-विकसित केरलम के संकल्प को साकार करेगी।

श्री शर्मा आज केरल में तिरुवनंतपुरम में विधानसभा चुनाव के तहत केरलम भाजपा अध्यक्ष एवं नेमोम विधानसभा प्रत्याशी राजीव चन्द्रशेखर, कझाक्कुट्टम विधानसभा प्रत्याशी वी. मुरलीधरन, कट्टाकड़ा विधानसभा प्रत्याशी पी.के. कृष्णदास और वट्टियोरकावु विधानसभा प्रत्याशी आर. श्रीलेखा के नामांकन में शामिल हुए और यह बात कही। उन्होंने कहा कि ये सभी प्रत्याशी जनभावना के अनुरूप केरलम में सुशासन और विकास की मजबूत नींव स्थापित करेंगे। इस बार केरलम की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है।

मुख्यमंत्री तिरुवनंतपुरम के भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पी. परमेश्वरन की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इससे पहले उन्होंने श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में भगवान श्री विष्णु के दर्शन कर आमजन की खुशहाली की मंगलकामना की।

इससे पहले मुख्यमंत्री का तिरुवनंतपुरम पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित