तिरुवनंतपुरम , फरवरी 12 -- केरल के पर्यटन मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियास ने कहा है कि राज्य के उत्तरदायी पर्यटन मिशन (आरटी) ने टिकाऊ और समावेशी पहलों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हुए महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक वैश्विक मॉडल पेश किया है।

मंत्री ने कनककुन्नु पैलेस मैदान में पांच दिवसीय 'केरल रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म फेस्टिवल' का उद्घाटन करते हुए कहा कि पूरे केरल में संचालित 26,000 आरटी इकाइयों के साथ, लगभग 1.5 लाख परिवार आरटी मिशन के तहत विभिन्न परियोजनाओं के प्रत्यक्ष लाभार्थी हैं। उन्होंने कहा, "80 प्रतिशत आरटी इकाइयों का नेतृत्व महिलाओं द्वारा किया जाना केरल के महिला प्राथमिकता समावेशी पर्यटन मॉडल की सफलता और संयुक्त राष्ट्र की महिला समावेशी पर्यटन नीति के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"श्री रियास ने बताया कि राज्य के 2025-26 के बजट में महिला उद्यमियों के लिए चार करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है, जिससे वे चार प्रतिशत की ब्याज दर पर 15 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकेंगी। इसके अतिरिक्त, आरटी मिशन के कुल बजट आवंटन का 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं के लिये आरक्षित किया गया है।

मंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में केरल पर्यटन की तीव्र वृद्धि में उत्तरदायी पर्यटन एक अभिन्न अंग बन गया है और इसकी पहलों के लिए केरल पर्यटन को लगभग 14 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।

श्री रियास ने कहा कि आरटी मिशन ने कृषि-फार्म पर्यटन, खाद्य पर्यटन और पर्यटन को सांस्कृतिक एवं पारिस्थितिक संरक्षण से जोड़कर यात्रा अनुभवों को सुलभ बनाया है। उन्होंने कहा कि इन पहलों ने कांथलूर और बेपोर जैसे ग्रामीण गंतव्यों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में मदद की है।

गौरतलब है कि 'केरल रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म फेस्टिवल' का आयोजन राज्य पर्यटन विभाग के सहयोग से रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन सोसाइटी द्वारा आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य आरटी इकाइयों को मजबूत बाजार सहायता प्रदान करना है, जिससे वे अपने उत्पाद बेच सकें और पर्यटन संचालकों, व्लॉगर्स और रिसॉर्ट मालिकों के साथ सहयोग के माध्यम से नए व्यावसायिक अवसरों की तलाश कर सकें।

पर्यटन निदेशक शिखा सुरेंद्रन ने बताया कि आरटी मिशन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में 20,000 से अधिक लोगों ने प्रशिक्षण और कौशल विकास प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि मिशन की पहल स्थानीय समुदायों को साथ लेकर चलती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।

केरल रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रूपेश कुमार के ने कहा कि मिशन ने ग्रामीण समुदायों के आर्थिक उत्थान को सुगम बनाया है और अब कई गाँव आरटी पर्यटन गंतव्यों का हिस्सा हैं।

इस अवसर पर अपने क्षेत्रों में आरटी इकाइयों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने वाली 33 ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। आरटी इकाइयों की महिलाओं के लिए ब्याज सहायता योजना लागू करने हेतु महिला विकास निगम की प्रबंध निदेशक बिंदु वी.सी. और केरल रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रूपेश कुमार के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित