जयपुर , दिसम्बर 28 -- राजस्थान के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने केन्द्र सरकार पर सरकारी शक्तियों का दुरूपयोग कर आम लोगों की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने का काम करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) आरटीआई , खाद्य सुरक्षा अधिनियम योजनाओं को कमजोर या बदला जा रहा है और देश में तानाशाही कायम करने का प्रयास हो रहा है। श्री डोटासरा रविवार को यहां कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने देश की आजादी की लिए लड़ाई लडक़र अंग्रेजों की गुलामी से भारत को आजाद कराया लेकिन आज की परिस्थितियों में ऐसी ताकतें केन्द्र की सत्ता पर काबिज हो गई हैं जो सरकारी शक्तियों का दुरुपयोग कर आम देशवासी की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने का कार्य कर रहे हैं। देश में लोकतंत्र है लेकिन आम व्यक्ति को चिंता है कि क्या वह आजादी से अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं, क्या मन मुताबिक कार्य कर सकते हैं, सरकारों से अपने अधिकारों के लिये लडऩा पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में आज इस तरह का वातावरण बना दिया गया है कि जिस आजादी और लोकतंत्र की परिकल्पना संविधान लागू कर महात्मा गांधी एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू सहित महान् स्वतंत्रता सैनानियों ने की थी उस आजादी पर आज केन्द्र सरकार अंकुश लगा रही है। प्रधानमंत्री लगातार विदेशों के दौरे कर रहे हैं, छोटे-छोटे देशों में जो भारत पर निर्भर हैं, सम्मान के रूप में मेडल लेकर आ रहे हैं लेकिन देश के हित में क्या लाये, यह आज बताने में कोई समर्थ नहीं है। पड़ौस के छोटे-छोटे मुल्क भारत के प्रति सद्भाव के विचार नहीं रख रहे हैं, यह हमारी विदेश नीति की विफलता है।
श्री डोटासरा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बंगलादेश बना दिया था किन्तु आज वही बंगलादेश भी भारत के प्रति सही नजरिया नहीं रखता है जो सोचनीय प्रश्र है। उन्होंने कहा कि यूपीए शासन में आम जनता के कल्याण के लिये जो जनहित की योजनायें लागू हुई थी, चाहे मनरेगा, आरटीआई हो अथवा खाद्य सुरक्षा अधिनियम हो, इन्हें कमजोर किया जा रहा है या बदला जा रहा है। आज जिस प्रकार से लोकतंत्र विरोधी वातावरण देश में बनाया जा रहा है, सभी कांग्रेसजनों का दायित्व बनता है कि स्वतंत्रता आन्दोलन में जिस प्रकार पार्टी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ अंग्रेजों के विरूद्ध लड़ाई थी, उसी प्रकार अब सबको साथ लेकर चलते हुये देश के लोकतंत्र एवं देशवासियों के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई लड़ें।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग देश में वर्गों को लड़ाने का काम कर रहे हैं और समाज को बांटा जा रहा है और जो अधिकार संविधान के तहत् कानून बनाकर कांग्रेस की सरकारों ने नागरिकों को दिये उन्हें बदला जा रहा है। श्री डोटासरा ने प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है जिससे आम आदमी के जायज काम भी नहीं हो रहे हैं। पूरी सरकार और नौकरशाही भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित