करीमनगर , फरवरी 08 -- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने रविवार को कहा कि करीमनगर नगर निगम तथा चोप्पादांडी सहित अन्य नगरपालिकाओं में चल रहे सभी विकास कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ओर से जारी निधि से किये जा रहे हैं, जबकि राज्य सरकार कोई मदद नहीं कर रही।

उन्होंने नगरपालिका चुनाव प्रचार के तहत चोप्पादांडी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए सवाल किया कि लोग कांग्रेस को वोट क्यों दें, जबकि पिछले दो वर्षों में कांग्रेस सरकार ने नगरपालिकाओं को एक भी रुपया जारी नहीं किया और न ही अपने वादे के मुताबिक गारंटी कार्यक्रमों को लागू किया।

उन्होंने बीआरएस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके नेताओं ने अपने 10 वर्ष के शासनकाल में कुशासन ही किया और बड़े पैमाने पर भूमि अतिक्रमण हुए।

उन्होंने बताया कि चोप्पादांडी के लिए केंद्र सरकार ने अमृत 2.0 योजना के तहत 36.30 करोड़ रुपये, 14वें और 15वें वित्त आयोग के माध्यम से 5.57 करोड़ रुपये तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 42.66 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 1,611 लाभार्थियों को 2.94 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित