जयपुर , मार्च 12 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि केन्द्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं में मिलने वाली वित्तीय सहायता का तय समय-सीमा के भीतर उपयोग किया जाए ताकि राज्य को केन्द्र से निधि हस्तांतरण सतत रूप से सुनिश्चित हो।

श्री शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में उनकी अध्यक्षमता में केन्द्र सहायता प्राप्त योजनाओं के संबंध में आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं राज्य के सर्वांगीण विकास और महिला, युवा, किसान, मजदूर सहित सभी वर्गों के उत्थान का प्रमुख माध्यम है। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी सुधार में इन योजनाओं की बड़ी भूमिका है। इन योजनाओं में प्राप्त निधि के समय पर उपयोग से अंतिम छोर के व्यक्ति को राहत मिलती है।

मुख्यमंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय प्रगति तथा लाभार्थियों तक पहुंच की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निरन्तर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन योजनाओं के तहत अपेक्षित प्राप्ति की राशि को जारी करवाने के प्रयासों में तेजी लाई जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित