शिवपुरी , मार्च 16 -- केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी में मेगा स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। यह शिविर शिवपुरी में मेडिकल कॉलेज परिसर के पास आयोजित किया गया है।

उद्घाटन कार्यक्रम में श्री सिंधिया ने कहा कि इस स्वास्थ्य शिविर में दिल्ली और भोपाल सहित देश के विभिन्न सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों के लगभग चार सौ विशेषज्ञ और अनुभवी चिकित्सक शामिल हुए हैं, जो विभिन्न गंभीर रोगों की जांच और उपचार करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की सोच थी कि दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधाएं पहुंचें। उसी सोच को ध्यान में रखते हुए और परिवार की जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस विशाल शिविर का आयोजन किया गया है।

उन्होंने बताया कि यह शिविर श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन, रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन और जिला प्रशासन शिवपुरी के सहयोग से आयोजित किया गया है। इसमें लगभग नौ बसों में कैंसर सहित विभिन्न रोगों की जांच के लिए विश्वस्तरीय मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा अन्य बीमारियों के उपचार और परीक्षण के लिए आधुनिक सुविधाएं और सुपर ओटी जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

उन्होंने कहा कि शिवपुरी, गुना, ग्वालियर तथा आसपास के जिलों और दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों के लोग यहां आकर जांच और उपचार करा सकते हैं। शिविर में परीक्षण और उपचार के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह मेगा स्वास्थ्य शिविर 17 मार्च से 24 मार्च तक चलेगा, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार शिविर में एक मरीज की रोबोटिक तकनीक से सर्जरी भी की गई है। बताया गया है कि हर्निया से पीड़ित एक मरीज का ऑपरेशन सर्जन डॉ. मेहक भंडारी और उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। बताया जा रहा है कि किसी स्वास्थ्य शिविर में रोबोटिक सर्जरी किया जाना देश में पहली बार हुआ है। श्री सिंधिया ने इस रोबोटिक सर्जरी की प्रक्रिया का अवलोकन भी किया।

उन्होंने बताया कि जिले में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार बड़ी संख्या में सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। मेगा शिविर के लिए बड़े मैदान में टेंट लगाकर कई कक्षों में ओपीडी तथा अन्य उपचार सुविधाएं विकसित की गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित