जयपुर , फरवरी 01 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डॉ सतीश पूनियां ने केंद्रीय बजट को कल्याणकारी बजट बताया है और कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार के इस बजट में 2047 में विकसित भारत के सपने का सोपान स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।

डॉ पूनियां ने केन्द्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक प्रगति को स्पष्ट तौर पर उन कर्तव्यों का उल्लेखकरता है, जिसमें निवेश, रोजगार और उद्योगों का सृजन शामिल है।

मोदी सरकार के बजट में जनता की उम्मीदों, शिक्षा, एमएसएमई जैसी संस्थाओं को देश की रीढ़ बनाने के जो प्रावधान किये हैं, वह निश्चित तौर पर अभिनंदनीय है। मोदी सरकार के बजट में जनता की सहूलियतों को ध्यान में रखा गया है।

उन्होंने कहा कि खेती सबसे बड़ा क्षेत्र है, किसानों की आय कैसे बढ़े, इस बात पर बजट में मोदी सरकार ने जोर दिया है। बजट में आज के युग की सूचना प्रौद्योगिकी को भारत की ताकत बनाने, नयी पीढ़ी को तैयार करने जैसे लक्ष्य रखे गये हैं। यह बजट समग्रता से तैयार किया गया विकसित भारत के सपने का सोपान निश्चित करता है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने कालखंड का नौवां जनकल्याणकारी बजट पेश किया है। खास तौर पर मोदी सरकार देश को आर्थिक तौर पर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। केवल किसी देश की जीडीपी के अनुमान से उसकी अर्थव्यवस्था का आकलन नहीं होता है बल्कि समग्रता को लिए होता है इसलिए बजट में सभी पक्षों का ध्यान रखा गया है।

डॉ पूनियां ने कहा कि सरकार ने बजट में उद्योग, निवेश और रोजगार को सुनिश्चित किया है। मोदी सरकार लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस बजट में शिक्षा के नवाचार और इंफ्रास्क्ट्रक्चर, संस्कृति से लेकर पयर्टन तक सभी को समाहित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह से समावेशी बजट है। पूर्वोत्तर एवं जम्मू कश्मीर को देश की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जब यह बजट धरातल पर आएगा तब हरियाणा से लेकर राजस्थान तक का इंफ्रास्ट्रक्चर और अधिक मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के बजट में हरियाणा से लेकर पंजाब से लेकर राजस्थान और पूर्वोत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक इसमें लगता है, उन सब बातों का समावेश है, जो उस प्रदेश की एक समग्र तरक्की को दिशा देंगे, गति देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित