जयपुर , फरवरी 01 -- राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने केन्द्रीय बजट को करोड़ों भारतीयों की उम्मीदों को साकार करने वाला अमिट दस्तावेज बताते हुए कहा है कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।
श्री नागर ने केन्द्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने बजट में किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं, नौकरीपेशा, उद्यमी, कारोबारी सहित हर वर्ग को राहत दी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढ़ांचे, ग्रामीण विकास के साथ जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही, अन्य सेक्टर्स के साथ-साथ देश के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती देने के लिए भी अनेक घोषणाएं की गई हैं।
उन्होंने कहा कि बजट से देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण एनर्जी ट्रांजिशन परियोजनाओं को और मजबूती मिलेगी। बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों में प्रयुक्त लिथियम-आयन सेल विनिर्माण का उपयोग करने वालों और बैटरियों में लिथियम आयन सेल विनिर्माण के लिए प्रयुक्त पूंजीगत वस्तुओं को दिए जाने वाले बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट की समय सीमा को जारी रखने से बैटरी स्टोरेज परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा। सोलर ग्लास की मैन्यूफैक्चरिंग में उपयोग के लिए सोडियम एंटीमानेट के आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट से क्लीन एनर्जी के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट्स के लिए आवश्यक वस्तुओं के आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट वर्ष 2035 तक बढ़ाने तथा इसे सभी क्षमता के संयंत्रों पर लागू करने के निर्णय से परमाणवीय ऊर्जा परियोजनाओं को और गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित