नैनीताल , अक्टूबर 21 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज स्थित केन्द्रीय कारागार से मंगलवार को एक सजायाफ्ता कैदी फरार हो गया। आरोपी को कड़ी मेहनत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सितारगंज स्थित संपूर्णानंद केंद्रीय कारागार से आज तड़के आजीवन कारावास में सजायाफ्ता बंदी फरार हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि आज सुबह नियमित गणना के दौरान बंदी पवन सैनी निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) उपस्थित नहीं था। उसकी हट में उसकी तलाशी ली गई लेकिन वह नहीं मिला। जेल प्रशासन ने तत्काल अलर्ट जारी कर सितारगंज पुलिस को इसकी सूचना दी।

जेल प्रशासन और पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश में संयुक्त अभियान चलाया। लगभग पांच- छह घंटे की मशक्कत के बाद फरार बंदी को लालरखास क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

जेल उप महानिरीक्षक दधीराम मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी झाड़ियों में छिपा हुआ था। उसे पकड़ लिया गया है। आरोपी आजीवन कारावास में सजायाफ्ता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित