देहरादून , मार्च 31 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को उनके आवास में केनरा बैंक के प्रतिनिधि मंडल ने शिष्टाचार भेंट की, बैंक की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि का चेक भेंट किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष आपदा, दुर्घटना एवं अन्य आपात स्थितियों में प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सहयोग समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचायक है, जो जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने में सहायक सिद्ध होता है।

श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनहित के कार्यों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और इस दिशा में विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों का सहयोग सराहनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी केनरा बैंक इसी प्रकार सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत योगदान देता रहेगा।

इस अवसर पर केनरा बैंक के उप महाप्रबंधक संगमेश पड़नाड सहित बैंक के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित