हरिद्वार , मार्च 07 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि देश में केदारनाथ से कन्या कुमारी तक जितने भी घुसपैठिये हैं, उन्हें खोजकर बाहर किया जाएगा।
श्री शाह यहां उत्तराखंड की भारतीय जनता पार्टी सरकार की ओर से आयोजित 'जन जन की सरकार, चार साल बेमिसाल' कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि यूसीसी, डेमोग्राफी में आये अप्राकतिक बदलाव को रोकने का काम करेगी। घुसपैठियों की समस्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार केदारनाथ से कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिया को देश से बाहर निकालने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। विपक्ष भले ही इस मुद्दे को लेकर कुछ भी कहे सरकार अपना काम करती रहेगी।
गृह मंत्री ने उत्तराखंड में 10 हजार एकड़ सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए भी श्री धामी की सराहना की। उत्तराखंड राज्य आंदोलन से अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को अपनी पहचान, संस्कृति बचाने के साथ ही अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरना पड़ा, लेकिन इसके लिए उन्हें रामपुर तिराहा कांड जैसी हिंसा का सामना करना पड़ा। इसके बाद केंद्र में भाजपा सरकार बनने पर तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने उत्तराखंड के साथ ही झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों का निर्माण करने का निर्णय लिया। आज ये तीनों राज्य तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को अटल जी ने बनाया और अब इसे संवारने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं, इसी क्रम में 2017 से 2026 तक का कालखंड, उत्तराखंड के विकास को समर्पित है। उन्होंने कहा कि बीते चार सालों में धामी सरकार ने राज्य की सभी समस्याओं को चुन-चुन कर समाप्त करने का काम किया है। इस कारण उत्तराखंड अब दोगुनी रफ्तार से विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंग्रेजों के बनाये डेढ़ सौ साल पुराने कानूनों को बदलने का काम किया है, 2028 में नयी न्याय संहिता के सभी प्राविधान पूरी तरह अमल में आ जाएंगे। इसके बाद किसी भी मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उच्चतम न्यायालय तक फैसला आने में अधिकतम तीन वर्ष का समय लगेगा। उन्होंने इसे दुनिया की सबसे आधुनिक ओर वैज्ञानिक न्याय सहिंता करार दिया।
केंद्रीय मंत्री ने नागरिक संशोधन कानून के तहत भारत की नागरिकता प्राप्त करने वाले शरणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान से आने वाले हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों का इस देश पर उतना ही अधिकार है, जितना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का है, लेकिन अब तक तुष्टिकरण की नीति के कारण उन्हें भारतीय नागरिकता से वंचित रखा गया। ये शरणार्थी अपना धर्म और परिवार की इज्जत बचाने के लिए, भारत में आये हैं, इसलिए वह किसी के भी विरोध के बावजूद, ऐसे लोगों को भारतीय नागरिकता देने के निर्णय पर अडिग रहेंगे। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने अनुच्छेद 370 समाप्त करने, सीएए कानून बनाने, साढे़ पांच सौ साल बाद अयोध्या में राम मंदिर बनाने, बद्रीनाथ, केदारनाथ पुननिर्माण, महाकाल लोक और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनाने जैसे कई ऐतिहासिक कार्य किये हैं।
श्री शाह ने शनिवार को उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी के तौर पर नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 1900 युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड में अब बिना पर्चा और बिना खर्चा के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। इसके लिए धामी सरकार कठोर नकल विरोधी नियम बनाये हैं, जिससे रोजगार के क्षेत्र में पारदर्शिता कायम हुई है। उन्होंने कहा कि 2027 में हरिद्वार में कुंभ मेला आयोजित होने जा रहा है। हरिद्वार कुंभ आने वाले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से जारी वाइब्रेंट विलेज योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री ने देश के सीमांत गांवों को प्रथम गांव का सम्मान दिया है, जिसका मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों से पलायन रोकना है। उत्तराखंड के लिए यह योजना विशेषकर लाभकारी होने जा रही है।
गृह मंत्री ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) का उल्लेख करते हुए कहा कि जो भारत का नागरिक नहीं है, उसका नाम वोटर लिस्ट से कटना ही चाहिए, लोकतंत्र की रक्षा के लिए वोटर लिस्ट का शुद्ध होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने उत्तराखंड को पिछली सरकारों के मुकाबले कहीं अधिक राशि अनुदान के रूप में उपलब्ध करायी है। इसके अलावा केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में हजारों करोड़ रुपये की ऑलवेदर रोड, दिल्ली-देहरादून इकानॉमिक कॉरिडोर, रेल, सड़क और परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 में उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 25 हजार रुपए थी जो अब बढ़कर 2 लाख 60 हजार हो गयी है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण, राज्य सभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट़्ट, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, रमेश पोखरियाल, विजय बहुगुणा, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा सहित कई विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित