रुद्रप्रयाग , मार्च 26 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिला अंतर्गत आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने श्री केदार सभा के अध्यक्ष, बदरीनाथ केदारनाथ ट्रस्ट समिति (बीकेटीसी) के प्रतिनिधियों तथा हक-हकूकधारियों के साथ केदारनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केदारनाथ धाम पहुंचकर संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यात्रा व्यवस्थाओं के दृष्टिगत बर्फ हटाने, यात्रा पैदल मार्ग दुरुस्त करने, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा मूलभूत सुविधाओं को पुनर्स्थापित किए जाने की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम यात्रा आगामी 22 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है, जिसके दृष्टिगत प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में धाम क्षेत्र में लगभग तीन से चार फुट तक बर्फ जमी हुई है, जिसे हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमों को लगातार सक्रिय किया जा रहा है। बर्फ हटने के साथ ही धाम में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी। साथ ही, यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं-जैसे पेयजल, विद्युत, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं आदि-समयबद्ध तरीके से पुनर्स्थापित करने हेतु लगातार टीमें भेजी जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा ही जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुगम अनुभव प्रदान करने वाली हो।
पुलिस अधीक्षक तोमर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि वर्तमान में केदारनाथ धाम में पुलिस के तीन तथा आईटीबीपी के 12 जवान तैनात हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पूर्व वर्षों के अनुभव एवं प्राप्त फीडबैक के आधार पर सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही, श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित