लखनऊ , जनवरी 22 -- किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में सरकारी भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण और मजारों/निर्माणों के मुद्दे को लेकर भाजपा प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि केजीएमयू परिसर में अवैध निर्माणों और धार्मिक संरचनाओं की संख्या बढ़ने से संस्थान की सुरक्षा, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और परिसर के अनुशासन पर असर पड़ रहा है।
पत्र में इस बात का उल्लेख किया गया है कि केजीएमयू एक प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थान है, जहां लाखों मरीज, छात्र और डॉक्टर प्रतिदिन आते हैं। अप्रैल 2025 में बुलडोजर कार्रवाई के दौरान लगभग 25,000 वर्गफुट भूमि मुक्त कराई गई थी, लेकिन अब भी मुख्य मजारों/निर्माणों सहित कई संरचनाएं शेष हैं।
भाजपा नेता ने पत्र में कार्रवाई की मांग के प्रमुख कारण गिनाते हुए कहा कि अवैध अतिक्रमण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में बाधा है और इन क्षेत्रों में भीड़ बढ़ने से सुरक्षा जोखिम भी उत्पन्न हो सकता है। साथ ही परिसर में अराजकता बढ़ने की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच कराने की मांग की गई है।
पत्र में केजीएमयू परिसर में कथित अवैध संरचनाओं का उल्लेख करते हुए कुछ स्थानों की सूची भी दी गई है, जिनमें प्रशासनिक भवन, दंत विज्ञान संकाय के पास, स्त्री रोग विभाग के गेट, नेत्र विभाग के पीछे, ट्रॉमा सेंटर गेट नंबर-2 के पास, रेस्पिरेटरी मेडिसिन ओपीडी क्षेत्र सहित अन्य स्थान शामिल बताए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित