नयी दिल्ली , फरवरी 27 -- राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को मिले न्याय से साफ हो गया है कि भाजपा सरकार सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीति लाभ के लिए करती है और अब उन्हें पूरी उम्मीद है कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को भी उनके खिलाफ चल रहे मामले में न्याय मिलेगा।

उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल के शराब घोटाला मामले में बरी होने से भाजपा द्वारा ईडी तथा सीबीआई का अपने लाभ के लिए इस्तेमाल करने की पुष्टि हो गई है।

श्री यादव ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों के सवालों पर कहा कि श्री केजरीवाल को न्याय मिला है और इस बात से भी पर्दा उठा गया है कि भाजपा चुनावी तथा राजनीतिक फायदे के लिए सीबीआई तथा ईडी का इस्तेमाल करती है। उनका कहना था कि हर चुनाव को जीतने के लिए भाजपा इसी तरह का हथकंडा अपनाती है।

उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल मामले में सीबीआई ने जिस तरह के आरोप पत्र दाखिल किए हैं और न्यायालय ने उन्हें गलत मानते हुए श्री केजरीवाल को बरी किया है इससे स्पष्ट है कि इस मामले में धांधली हुई है इसलिए सीबीआई अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि भाजपा लोगों को तंग कर उनका चरित्र हनन करती है और इस तरह के हथकंडे बार बार अपनाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित