कालझरानी (बठिंडा) , अक्टूबर 09 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को 1194 करोड़ रुपये की लागत से राज्यभर में 3100 से अधिक अत्याधुनिक स्टेडियमों के निर्माण की विशाल योजना की शुरुआत की।

जनसमूह को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्य के युवाओं की असीम ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए यह परियोजना शुरू की गयी है। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाने के लिए पंजाब में 3100 से अधिक नये खेल मैदानों की स्थापना का काम आज शुरू हो रहा है। उन्होंने बताया कि ये खेल मैदान "युद्ध नशों विरुद्ध" और "रंगला पंजाब" अभियानों को नयी ऊंचाइयां प्रदान करेंगे।

श्री केजरीवाल ने कहा कि ये स्टेडियम युवाओं को नशे की बुराई से दूर रखने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने के उनके सपनों को साकार करने में सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि ये मैदान उभरते खिलाड़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे। इस परियोजना पर 1184 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। पहले चरण में बड़े गांवों को प्राथमिकता दी गयी है, जहां अर्ध एकड़ से लेकर चार एकड़ तक के क्षेत्र में स्टेडियम बनाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि 2022 से पहले खेलों का बजट केवल 100 करोड़ रुपये था, जिसे मौजूदा सरकार ने बढ़ाकर 1000 करोड़ रुपये कर दिया। पंजाब को खेलों में अग्रणी राज्य बनाने और खेल संस्कृति को विकसित करने के लिए 2023 में नई खेल नीति लायी गयी। इस नीति में खिलाड़ियों को नकद इनाम और सरकारी नौकरियां देने का प्रावधान किया गया।

श्री केजरीवाल ने कहा कि नयी नीति के तहत ओलंपिक में भाग लेने वाले प्रत्येक पंजाबी खिलाड़ी को तैयारी के लिए पहले ही 15 लाख रुपये दिये गये। सात खिलाड़ियों को डीएसपी और चार को पीसीएस अधिकारी नियुक्त किया गया, जिनमें नौ हॉकी खिलाड़ी, एक क्रिकेटर और एक एथलीट शामिल हैं। "खेलां वतन पंजाब दियां" कार्यक्रम के तीन सत्र सफलतापूर्वक पूरे किये गये, जिनमें पुरस्कार राशि बांटी गयी। पहले जहां केवल 20-25 हजार खिलाड़ी राज्य स्तरीय खेलों में हिस्सा लेते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर पांच लाख हो गयी है।

इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पहले खेलों के क्षेत्र में बुनियादी ढांचा न के बराबर था, लेकिन अब आधुनिक खेल मैदान बनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चार राष्ट्रीय टीमों की कप्तानी पंजाबियों के पास है, जिनमें हरमनप्रीत कौर, शुभमन गिल और हरमनप्रीत सिंह शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नौ पंजाबी खिलाड़ी राष्ट्रीय हॉकी टीम का हिस्सा हैं, यह पंजाब के शानदार प्रदर्शन का प्रमाण है। अब राज्य में इतना बड़ा खेल बुनियादी ढांचा तैयार हुआ है कि एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां "खेलां वतन पंजाब दियां" में भाग ले रही हैं। सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेताओं को एक करोड़ रुपये, रजत विजेताओं को 75 लाख और कांस्य विजेताओं को 50 लाख रुपये देती है। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक पंजाबी खिलाड़ी को पदक जीतने पर एक-एक करोड़ रुपये दिए गए ताकि अन्य युवा भी प्रेरित हों।

बादल परिवर की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बादल परिवार ने सत्ता का दुरुपयोग किया और अपने शासन में फिल्मी सितारों पर धन लुटाया। पहले खेल मंत्री खेलों की समझ से वंचित थे, खेल संघों पर राजनीतिक कब्जा था और नेता सरकारी खर्च पर मौज-मस्ती करते थे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि मौजूदा सरकार ने 300 कोच नियुक्त किये हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को आठ लाख रुपये प्रदान किये जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशों के खिलाफ जंग में खेल सबसे प्रभावी हथियार हैं। पंजाब की धरती ने अनगिनत महान खिलाड़ियों को जन्म दिया है। राज्य के हर क्षेत्र में जहां कोई खेल लोकप्रिय है, वहां उस खेल के विशेषज्ञ और कोच नियुक्त किए जायेंगे ताकि खेलों के माध्यम से पंजाब के विकास को नयी गति मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित