कोलकाता , मार्च 14 -- जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का अनुबंध मिल गया है और वह अब पीएसएल 2026 में इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए नहीं खेलेंगे।

मुजारबानी ने इस बारे में यूनाइटेड को जानकारी दे दी है। पिछले साल दिसंबर में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने केकेआर को मुस्तफिज़ुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा था, जिन्हें उन्होंने नीलामी में 9.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। केकेआर ने मुजारबानी को अपने साथ जोड़ने की घोषणा कर दी है। वहीं मुस्तफिज़ुर को लाहौर कलंदर्स ने 26 मार्च से शुरू हो रहे आगामी पीसीएल सीजन के लिए अपने साथ जोड़ लिया है।

मुजारबानी मुल्तान सुल्तांस के लिए खेलते हुए पीएसएल का खिताब जीत चुके हैं लेकिन 11 फरवरी को हुई पीएसएल के लिए नीलामी के दौरान उन्हें खरीदार नहीं मिला था। हालांकि बाद में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमार जोसेफ को रिलीज किए जाने के बाद यूनाइटेड ने डायरेक्ट साइनिंग के रूप में मुजारबानी को अपने साथ जोड़ लिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित