अमृतसर , जनवरी 22 -- पंजाब के अमृतसर सीट से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने गुरुवार को पंजाब की 'आप' सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा जानबूझकर वित्त आयोग के तहत केंद्र सरकार से मिलने वाली विकास अनुदान को रोका जा रहा है।

सांसद औजला ने इसे लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि वित्त आयोग का अनुदान किसी पार्टी, गुट या विशेष विचारधारा के आधार पर नहीं होती, बल्कि यह जनता द्वारा चुने गये हर सरपंच का कानूनी और संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल द्वारा विपक्षी दलों के सरपंचों को निशाना बनाया जा रहा है, ताकि उन पर दबाव बनाकर उन्हें आम आदमी पार्टी में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि कहीं सरपंचों को बेवजह तंग किया जा रहा है, तो कहीं विकास कार्यों के पैसे रोककर गांवों की तरक्की में बाधा डाली जा रही है, जो कि सरासर तानाशाही है। इस गंभीर मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए श्री औजला ने उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त और डीडीपीओ को स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि यह गैर-कानूनी और पक्षपाती कार्रवाई तुरंत बंद नहीं की गयी, तो वह इस पूरे मामले को संसद की विशेषाधिकार समिति और उच्च न्यायालय तक लेकर जाएंगे। उन्होंने साफ किया कि जो अधिकारी इस भेदभावपूर्ण राजनीति का हिस्सा बनेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित