जौनपुर , नवम्बर 16 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार लोकतंत्र को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। सरकार चाहती है कि पूरा लोकतंत्र एक तरह के एसआईआर सिस्टम में बदल जाए, जहाँ जनता की आवाज़ को दबा दिया जाए और संस्थाओं पर राजनीतिक दबाव बनाया जाए।

श्री नदीम जावेद रविवार को जौनपुर में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर भाजपा और आरएसएस का अनुचित प्रभाव लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर कर रहा है। श्री जावेद ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में जिस तरह चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया, वह लोकतंत्र के लिए अत्यंत चिंताजनक है। बिहार में तो हद पार करते हुए चुनावी रिकॉर्ड को तोड़कर उसे ''डकैती'' की तरह नष्ट किया गया जो देश के इतिहास में अभूतपूर्व है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा और ओवैसी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, दोनों ही जाति-विशेष और धर्म-विशेष की राजनीति करके समाज को बांटने की राजनीति को बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सर्व धर्म, सर्व समाज और सर्व समुदाय को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ आज देश का आम जनमानस खड़ा है, जिसका प्रमाण पूरे देश ने भारत जोड़ो यात्रा और वोट चोरी यात्रा के दौरान देखा है।

उन्होंने जिला कांग्रेस और शहर कांग्रेस की टीमों द्वारा संगठन को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग की पक्षपातपूर्ण भूमिका के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगी, ताकि जनता के मूल अधिकार वोट का अधिकार की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

श्री जावेद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता की आवाज़ की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी। पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ प्रमोद कुमार सिंह , शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ़ ख़ान ,पूर्व अध्यक्ष लालजी चौहान , प्रदेश कांग्रेस सचिव सत्यवीर सिंह , लाल प्रकाश पाल, इरशाद खान उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित