बिहार संजय एम्स निर्माणपटना , मार्च 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार ने दरभंगा में एम्स निर्माण के लिए 700 करोड़ की अतिरिक्त स्वीकृति दी है, जिससे इस योजना की सभी बाधाएं समाप्त हो गई हैं।
श्री सरावगी ने आज कि बयान जारी कर कहा कि 25 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में दरभंगा एम्स के लिए पूर्व में स्वीकृत 1264 करोड़ रुपये के अतिरिक्त 700 करोड़ रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस अतिरिक्त राशि को स्वीकृति से इस योजना की सभी बढ़ाएं दूर हो गई हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने इसे जनहितकारी निर्णय बताते हुए, इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा को धन्यवाद दिया है।
श्री सरावगी ने कहा कि आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सरकार दरभंगा एम्स के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह निर्णय बिहार, विशेषकर मिथिला क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित दरभंगा एम्स के निर्माण में जो भी बाधाएँ आ रही थीं, वह अब पूरी तरह समाप्त हो गईं है।
श्री सरावगी ने कहा कि अतिरिक्त वित्तीय स्वीकृति मिलने से निर्माण कार्य में तेजी आएगी और यह प्रतिष्ठित संस्थान शीघ्र ही बनकर तैयार होगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा एम्स के निर्माण से न केवल बिहार, बल्कि पड़ोसी राज्यों के लाखों लोगों को उच्च स्तरीय एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएँ प्राप्त होंगी। यह संस्थान आधुनिक चिकित्सा, शोध एवं प्रशिक्षण का एक प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे क्षेत्रीय स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा।
बिहार भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बिहार में स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए लगातार ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। दरभंगा एम्स के लिए अतिरिक्त राशि की स्वीकृति इसी संकल्प का प्रमाण है कि सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र पर चलते हुए देश के हर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित