नयी दिल्ली , दिसंबर 19 -- सरकार ने शुक्रवार को बताया कि न्याय बंधु कार्यक्रम के तहत 2023 में शुरू की गई टेली लॉ 2.0 सेवाओं से अब तक 61,98,407 नागरिकों को लाभ मिला है। ये सेवाएं केंद्र सरकार की योजना- 'समग्र न्याय तक पहुँच के लिए अभिनव समाधान का डिज़ाइन' (दिशा) के अंतर्गत चलायी जा रही है।
विधि एवं न्याय मंत्रालय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शुक्रवार को लोक सभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में उपरोक्त जानकारी देते हुए कहा कि कृत्रिम मेधा ( एआई) आधारित चैटबॉट- 'न्याय सेतु' को जरूरतमंदों की वर्चुअल विधि सहायता के रूप में विकसित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जनहित में नि:शुल्क रूप से काम करने वाले अधिवक्ताओं की न्याय बंधु एप्लिकेशन पर पंजीकृत संख्या 30 नवंबर 2025 तक 9,776 थी। यह सुविधा दीवानी और आपराधिक कानून, महिला एवं बाल सुरक्षा, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, संपत्ति विवाद, कार्यस्थल पर उत्पीड़न आदि सभी तरह के मामलों के लिए होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित