नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- केंद्र सरकार के प्रयासों से साल 2024-25 में उर्वरकों की कुल उपलब्धता 176.79 करोड़ बैग रही, जबकि अनुमानित आवश्यकता 152.50 करोड़ बैग थी। यहां शुक्रवार को जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी।

इसके अनुसार बीते साल में सरकार ने लगभग 176.79 करोड़ बैग (834.64 लाख टन) उर्वरकों की कुल उपलब्धता सुनिश्चित कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है, जो देश की अनुमानित आवश्यकता 152.50 करोड़ बैग (722.04 लाख टन) से कहीं अधिक है। इस प्रकार, सरकार ने किसानों के लिए कुल 24.29 करोड़ बैग अतिरिक्त उर्वरक उपलब्ध कराएइसमें कहा गया है कि कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने और किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने यह ऐतिहासिक प्रबंध किया है ताकि पूरे वर्ष समय पर पर्याप्त खाद मिल सके और कृषि कार्य बिना किसी बाधा के जारी रहे। यह अतिरिक्त उपलब्धता किसानों की खुशहाली के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इसमें कहा गया है कि यह उपलब्धि रेलवे, पत्तन प्राधिकरणों, राज्य सरकारों और उर्वरक कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय से संभव हो सकी है। भारतीय रेलवे ने उर्वरक रैक की आवाजाही को प्राथमिकता दी, जिससे ढुलाई में तेजी आई। वहीं, बंदरगाहों पर आयातित उर्वरकों की शीघ्र अनलोडिंग और निर्बाध निकासी सुनिश्चित की गई।

यही नहीं सरकार ने भंडारण और वितरण ढांचे को भी काफी मजबूत किया ताकि उर्वरक समय पर सीधे किसानों तक पहुंच सकें। इसके अलावा, उर्वरक कंपनियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें की गईं और मांग तथा आपूर्ति पर लगातार नजर रखते हुए समस्याओं का तुरंत समाधान निकाला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित