चंडीगढ़ , जनवरी 12 -- पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव हरचंद सिंह बरसट ने सोमवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश को तानाशाही की ओर ले जा रही है।
श्री बरसट ने कहा कि भारत, जो दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, आज केंद्र सरकार की तानाशाही सोच के कारण संकट में है। उन्होने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से विरोधी आवाज़ों को दबाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय, विजिलेंस और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है। जो भी राजनीतिक पार्टी या नेता भाजपा की नीतियों का विरोध करता है, उसे झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जाती है, जोकि लोकतंत्र के बिल्कुल खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के तहत राज्यों को मिले अधिकारों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा बंद कर मज़दूरों की रोज़ी-रोटी छीनने की साज़िश, जी.एस.टी. के केंद्रीकरण के माध्यम से राज्यों की आमदन छीनना, पंजाब के 50 किलोमीटर क्षेत्र तक बीएसएफ की सीमाएं बढ़ाना, पंजाब के फंड जारी न करना, विकास कार्यों में बाधाएं डालना और लोकहित के फैसलों को रोकना, ये सभी कदम देश के संघीय ढांचे और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित