पटना , अक्टूबर 18 -- गुजरात के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र पटेल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए शनिवार को कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार में विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।
वजीरगंज, अरवल, और गुरुआ में उम्मीदवारों के नामांकन पत्र भरने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और मंत्री जनक राम पहुंचे। इस अवसर पर श्री पटेल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राजग की नीतियां गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन की इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने राजग सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार में विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।
श्री पटेल ने कहा कि राजग के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले की सड़को और आज की सड़कों को देखकर समझ मे आता है कि बिहार कितना बदल गया हैं। उन्होंने कहा मि जब देश का हर राज्य विकसित और प्रगतिशील होगा, सभी लोगों का विकास होगा।
बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के चुनाव को लेकर आज भाजपा की ओर से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। इस क्रम में नामांकन सभा का भी आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बिहार भाजपा के दिग्गज नेता शामिल हुए और राजग उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।
भाजपा के उम्मीदवार के रूप में आज पूर्व उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने कटिहार से नामांकन दाखिल किया , वहीं अरवल से पूर्व विधायक मनोज शर्मा, विस्फी से हरिभूषण ठाकुर बचौल, वजीरगंज से वीरेंद्र सिंह, गुरुआ से उपेंद्र दांगी, और रामगढ़ से अशोक कुमार सिंह ने नामांकन भरा। इसके अलावा मोहनिया से संगीता कुमारी, प्राणपुर से निशा सिंह, राजनगर से सुजीत पासवान, ढाका से पवन जायसवाल, बगहा से राम सिंह, रामनगर से नंद किशोर राम, नरकटियागंज से संजय पांडेय, पीरपैंती से मुरारी पासवान और औरंगाबाद से त्रिविक्रम सिंह ने भी आज अपना नामांकन पत्र भरा।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और राजभूषण निषाद विस्फी, मधुबनी, राजनगर और ढाका पहुंचे और नामांकन सभा में राजग प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। इसके अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी और सांसद प्रदीप सिंह कटिहार, त्रिवेणीगंज में जबकि राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद भैरवा और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रामगढ़, मोहनिया और सासाराम में आयोजित नामांकन सभा में राजग प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा।
इधर, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे और सांसद संजय जायसवाल बगहा, रामनगर और नरकटियागंज पहुंचे और नामांकन सभा में उपस्थित होकर राजग प्रत्याशियों के लिए लोगों से वोट की अपील की। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और रामनाथ ठाकुर ने पीरपैंती और औरंगाबाद में नामांकन सभा को संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित