हैदराबाद , दिसंबर 25 -- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने गुरुवार को तेलंगाना में शासन की विफलता और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार एवं पूर्ववर्ती भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार पर निशाना साधा ।

श्री बंडी संजय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तेलंगाना प्रदेश कार्यालय में मीडिया के साथ एक अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) के खिलाफ की गयी टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसी भाषा मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देती। उन्होंने श्री रेवंत रेड्डी से गरिमा बनाए रखने और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल न करने का आग्रह किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि केसीआर के परिवार ने तेलंगाना को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि लोगों ने केसीआर के कार्यकाल को देखने के बाद उन्हें "उनके फार्महाउस तक सीमित कर दिया" है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिर्फ़ भाजपा ही लगातार जनता के मुद्दे उठा रही है, जबकि बीआरएस सिर्फ़ आलोचना तक सीमित है और सरकार की अपनी छह गारंटियों को लागू करने में विफल होने के बावजूद कांग्रेस जश्न मना रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित