उज्जैन , दिसंबर 23 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने उज्जैन में राष्ट्रीय सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भवन की रूपरेखा निर्धारित की जा चुकी है और आगामी दो वर्षों में इसका निर्माण पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने हॉस्टल तथा मेडिकल स्टाफ के लिए निर्मित की जा रही अन्य इमारतों की प्रगति से भी अवगत कराया। इस अवसर पर श्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के साथ फोटो भी खिंचवाया।
इसके पश्चात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिप्रा नदी पर निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण किया। शांति पैलेस के पीछे दाऊदखेड़ी क्षेत्र में बन रहे शिप्रा घाटों को देखा गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि सिंहस्थ 2028 के लिए शिप्रा नदी के दोनों ओर लगभग 29 किलोमीटर लंबे नए घाटों का निर्माण किया जा रहा है। इन घाटों के बन जाने से स्नान पर्व के दौरान 24 घंटे में तीन करोड़ से अधिक श्रद्धालु सुव्यवस्थित रूप से स्नान कर सकेंगे और भीड़ प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घाटों के साथ-साथ शिप्रा के किनारों पर सड़क निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है, जिन्हें सीधे हाईवे से जोड़ा जाएगा। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और स्नान करने में सुविधा मिलेगी तथा शहर का ट्रैफिक प्रबंधन भी बेहतर होगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे कार्यों से शिप्रा नदी के दोनों ओर घाटों का सुव्यवस्थित निर्माण होगा, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को सशक्त आधार मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की आस्था का मुख्य केंद्र स्नान और दर्शन होता है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उज्जैन में चल रहे कार्य पूर्ण होने के बाद शहर का कायाकल्प हो जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ के लिए संचालित अन्य योजनाओं की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री को दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित