पटना, सितंबर 25 -- बिहार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने गुरूवार को कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कुशल मार्गदर्शन में पुनः प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत होगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार बनेगी।

श्री पांडेय ने इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार भाजपा का चुनाव प्रभारी बनाए जाने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसके साथ-साथ सह-प्रभारी के रूप में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और गुजरात भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल को सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर उन्हें भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

श्री पांडेय ने कहा कि यह नियुक्ति बिहार में राजग को बनाने की दिशा में एक अहम निर्णय है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की रणनीतिक क्षमता और संगठनात्मक कौशल बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव की अगुवाई वाले महागठबंधन को ध्वस्त कर देगी। उन्होंने कहा कि बिहार में राजग पहले के मुकाबले ज्यादा बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री कुमार के विकास को जनता अपना रोलमॉडल मानती है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी का नारा 'सबका साथ सबका विकास' राजग के भरोसे को मजबूत करता है। यही वजह है कि जनता पुनः राजग को सत्ता में लाने के लिए उत्साहित है। संपूर्ण प्रदेश में गठबंधन के कार्यकर्ता जोश एवं उत्साह से भरे हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित