भोपाल , जनवरी 06 -- मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और लंबित परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सतत प्रयास अब सकारात्मक परिणाम देने लगे हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों की सराहना की और परियोजनाओं को गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का उद्देश्य प्रदेश में संचालित एवं प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा भूमि अधिग्रहण, पर्यावरण और वन स्वीकृति के कारण लंबित परियोजनाओं के समाधान हेतु समन्वित कार्ययोजना तैयार करना रहा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में कहा कि मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति और विशाल क्षेत्रफल को देखते हुए राज्य में सड़क घनत्व राष्ट्रीय औसत से कम है। जहां देश में सड़क घनत्व 201.28 किलोमीटर प्रति 100 वर्ग किलोमीटर है, वहीं मध्यप्रदेश में यह 162.20 किलोमीटर प्रति 100 वर्ग किलोमीटर है। उन्होंने बताया कि उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी के लिहाज से मध्यप्रदेश की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए विकसित भारत-2047 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क का विस्तार आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं के अनुरूप हाई-स्पीड और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से वंचित क्षेत्रों को सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा एक्सप्रेस-वे तथा 4 और 6 लेन के राज्य राजमार्गों का विकास कर प्रदेश की समग्र कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे यातायात व्यवस्था मजबूत होगी, औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और कृषि एवं लॉजिस्टिक क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से अटल पथ परियोजना ने पुनः गति पकड़ी है। साथ ही चंबल क्षेत्र विकास परियोजना को पर्यावरण संरक्षण के साथ आगे बढ़ाने की दिशा में ठोस पहल की गई है। परियोजना के पूर्ण होने पर ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास, पर्यटन विस्तार और रोजगार सृजन को नई दिशा मिलेगी। पर्यावरण प्रभाव आकलन समिति के निर्देशों के अनुरूप परियोजना के संरेखण में संशोधन कर जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित