संतकबीरनगर , फरवरी 08 -- उत्तर प्रदेश की राज्यमंत्री ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम्य विकास एवं संतकबीरनगर की प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 का 53,47,315 करोड़ रुपये का केंद्रीय बजट राष्ट्र प्रथम की सोच से प्रेरित और सुधारों व जनकल्याण का संतुलित बजट है।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं, मध्यम वर्ग तथा उद्यमियों का विशेष ध्यान रखा गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने लोकलुभावन घोषणाओं के बजाय संरचनात्मक सुधार, रोजगार सृजन और आर्थिक स्थिरता को प्राथमिकता दी है। 12 लाख रुपये तक आय पर शून्य कर, टीसीएस में कमी तथा गंभीर बीमारियों की दवाओं पर शुल्क छूट से मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी। साथ ही लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को उद्यमी बनाने और एमएसएमई, बायोफार्मा, सेमीकंडक्टर व आधारभूत ढांचे में निवेश से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि राजकोषीय अनुशासन के साथ विकास को गति देने से राज्यों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट उत्तर प्रदेश सहित संतकबीरनगर जनपद के समग्र विकास को नई दिशा देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित