बारां , फरवरी 13 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रवक्ता शिवांगी सिकरवार ने कहा है कि इस बार का केंद्रीय बजट महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने वाला और उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्रीमती सिकरवार ने शुक्रवार को यहां महिला मोर्चा की आयोजित बैठक में कहा कि बजट में देश के प्रत्येक जिले में बालिका छात्रावास खोलने की घोषणा की गयी है, जिससे बालिकाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। साथ ही लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दोहराया गया है।
उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने, 'श्री मार्ट' खोलने की घोषणा, विधवा पेंशन, पालनहार योजना और आवास योजना की राशि महिला मुखिया के खाते में सीधे हस्तांतरित करने जैसे निर्णय यह दर्शाते हैं कि केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य की भजनलाल सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति पूर्णतः सजग और प्रतिबद्ध है।
भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष चित्रा जैन, भाजपा जिला सोशल मीडिया सह- संयोजक रेखा मेहता, कार्यक्रम सह संयोजक गिरिजा हाड़ा, नगर अध्यक्ष अंतुरानी शर्मा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित