प्रयागराज , फरवरी 01 -- उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के एमएलसी मान सिंह यादव ने आरोप लगाया है कि इस बार के केंद्रीय बजट में प्रदेश को कोई विशेष तवज्जो नहीं दी गई।

उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य की जरूरतों और समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश से सरकार को सर्वाधिक सांसद मिलते हैं। एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव ने कहा कि बजट में किसानों के लिए कोई ठोस राहत और युवाओं के रोजगार के लिए कोई स्पष्ट योजना नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी और गिरती क्रयशक्ति जैसे मुद्दों पर भी बजट मौन है। उनका आरोप है कि बजट चंद पूंजीपतियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और देश की 95 प्रतिशत जनता का हित इसमें नजर नहीं आता।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान खाद, बीज और डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं, लेकिन उनकी आय बढ़ाने का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं दिखता। स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के नाम पर केवल घोषणाएं की गई हैं। समाजवादी पार्टी इस बजट को जनविरोधी बताते हुए सड़क से संसद तक विरोध करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित