पटना , फरवरी 02 -- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पांच घटक दलों के प्रमुख नेताओं ने संयुक्त रूप से सोमवार को कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण प्रस्तुत केंद्रीय बजट भारत को विकसित बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

‎‎ बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में राजग की तरफ से आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने केंद्रीय बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि पहली बार कर्तव्य भवन में तैयार बजट तीन महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर आधारित है। इसका मूल उद्देश्य आर्थिक विकास, जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना और देश की समृद्धि में मज़बूत भागीदारी के साथ सबका विकास है।

‎ श्री सरावगी ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवाओं और महिलाओं को समर्पित है।आने वाले समय मे बिहार में उद्योग को बढ़ाने में यह बजट काफी सार्थक सिद्ध होगा। उन्होंने इस बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का बजट बताते हुए कहा कि भारत विकसित बनेगा तो बिहार भी विकसित बनेगा।

‎ ‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने कहा कि इस बजट में बिहार को एक लाख 62 हजार 142 करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया गया है, जिसमे से एक लाख 51 हजार 831 करोड़ रुपये केंद्रीय करों की हिस्सेदारी के रूप में मिलेंगे जो पिछले साल से 11,726 करोड़ ज्यादा है। ‎उन्होंने कहा कि इस बजट में गरीब कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूह के लिए विशेष बजटीय प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्षा में भी पिछले बार से 15 प्रतिशत का इजाफा किया गया है। सरकार ने स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहित करने के लिए निर्यात बढ़ाने पर भी बल दिया है। जीवन रक्षक दवाइयों को भी सस्ता किया गया है। इसके अलावा कई वस्तुओं को सस्ता करने का प्रस्ताव भी दिया गया है।

‎ श्री सरावगी ने कहा कि इस बजट से देश को विश्व भर में तीसरी आर्थिक शक्ति बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। आने वाले समय मे भारत की सैन्य शक्ति और आर्थिक शक्ति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में आधारभूत संरचनाओं को भी मजबूत करने को लेकर भी बजट में चर्चा है। उन्होंने इस बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज राज्यपाल ने भी विधानमंडल में अपने अभिभाषण में केंद्र सरकार की तरफ से बिहार को लगातार मदद मिलने की प्रशंसा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित