लखनऊ , फरवरी 17 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को जयपुर (राजस्थान) से किसानों के लिए समर्पित एआई आधारित प्लेटफॉर्म "भारत विस्तार" 2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
यह प्लेटफॉर्म आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के माध्यम से किसानों को खेती से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और सटीक समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि "भारत विस्तार" देश की कृषि व्यवस्था को समृद्ध, सशक्त और सरल बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। इसके जरिए किसानों को अपनी समस्याओं का समाधान अब केवल एक क्लिक पर उपलब्ध होगा।
इस नई सुविधा के तहत किसान अपने मोबाइल फोन से 155261 नंबर डायल कर खेती से संबंधित किसी भी प्रश्न का उत्तर प्राप्त कर सकते हैं। एआई तकनीक के उपयोग से किसानों को मौसम, बीज, खाद, कीटनाशक और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी तुरंत और सटीक रूप से मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित