नयी दिल्ली , अप्रैल 09 -- केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विज्ञान भवन में आयोजित दो दिवसीय होम्योपेथी संगोष्ठी का शुभारंभ करेंगे।

यह संगोष्ठी "सतत स्वास्थ्य के लिए होम्योपैथी" विषय पर आयोजित होगी, जिसमें देशभर के नीति निर्माता, शोधकर्ता, चिकित्सक और विशेषज्ञ भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य सतत और समग्र स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण में होम्योपैथी की भूमिका पर व्यापक चर्चा करना है।

इस अवसर पर आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (सीसीआरएच) द्वारा किया जा रहा है, जिसमें होम्योपैथी से जुड़े अनुसंधान, जनस्वास्थ्य पहल और नीतिगत विकास को प्रदर्शित किया जाएगा।

संगोष्ठी में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत, पुरानी बीमारियों का बढ़ता बोझ और रोगाणुरोधी प्रतिरोध जैसी चुनौतियों के बीच होम्योपैथी की उपयोगिता पर भी चर्चा होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, होम्योपैथी कम लागत, पर्यावरण के अनुकूल और शरीर की प्राकृतिक उपचार क्षमता को बढ़ावा देने वाली चिकित्सा पद्धति है।

कार्यक्रम के दौरान निवारक और संवर्धक स्वास्थ्य देखभाल, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रबंधन और पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के साथ आधुनिक विज्ञान के समन्वय जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित