पटना , जनवरी 19 -- कृषि विभाग ने किसानों से जुड़ी दर्जनों योजनाओं में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।
विभाग के इस फैसले से उन किसानों को राहत मिली है, जो पहले आवेदन करने से चूक गये थे। अब किसान पांच फरवरी तक कृषि विभाग की वेबसाइट या बिहार कृषि ऐप के माध्यम से विभिन्न योजनाओं में आवेदन कर लाभ उठा सकते हैं।
इन योजनाओं में मधुमक्खी पालन और मधु उत्पादन, पपीता विकास, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, कृषि यंत्रों पर अनुदान, मशरूम उत्पादन समेत कई योजनायें शामिल हैं। आवेदन के लिये किसानों का डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। साथ ही बैंक खाता विवरण और अद्यतन भूमि संबंधी प्रमाण- पत्र भी आवश्यक होंगे।
कृषि विभाग की योजनाओं के तहत किसानों को 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। मशरूम किट एवं मशरूम हट योजना में 90 प्रतिशत, मधुमक्खी पालन और मधु उत्पादन योजना में 50 प्रतिशत, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में 55 प्रतिशत, फूल विकास योजना में 50 प्रतिशत और पपीता विकास योजना में 60 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है।
विभाग कम भूमि वाले छोटे किसानों के लिये भी विशेष योजनायें संचालित कर रहा है, जिनमें मधुमक्खी पालन, छत पर बागवानी विकास और मशरूम उत्पादन जैसी योजनायें शामिल हैं। इन योजनाओं से कम लागत में खेती शुरू कर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिये किसान जिला कृषि कार्यालय या कृषि विभाग की वेबसाइट से संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित