सरगुजा , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को कृषि विकास अधिकारी (बीज निरीक्षक) को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

आर्थिक अपराध शाखा कार्यालय से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार सरगुजा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसीबी ने कृषि विकास अधिकारी (बीज निरीक्षक) सोहन लाल भगत को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक योजनाबद्ध ट्रैप के तहत की गई, जिसमें आरोपी को शिकायतकर्ता से पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपये लेते पकड़ा गया।

एसीबी के अनुसार, प्रतापपुर निवासी अजीत कुमार कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह हैदराबाद स्थित साईं भव्या सीड्स कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है। कंपनी द्वारा धान और मक्का के बीजों की आपूर्ति की जाती है। अगस्त माह की बिक्री के बाद शेष बचे बीज अंबिकापुर के दरिमा रोड स्थित माँ महामाया कोल्ड स्टोरेज में रखे गए थे।

इसी दौरान आरोपी को भंडारण की जानकारी मिलने पर उसने प्रार्थी को अवैध बीज भंडारण के झूठे आरोप में कार्रवाई करने की धमकी दी। आरोप है कि इस मामले को दबाने के एवज में आरोपी ने तीन लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई।

योजना के तहत आज जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की पहली किश्त ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित