पटना , फरवरी 03 -- बिहार में राजधानी पटना के मीठापुर स्थित कृषि भवन के परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया गया।
इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने किया।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधान सचिव श्री लाल ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन की स्थापना पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा के उपयोग एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने से न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, बल्कि स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को भी बल मिलेगा। यह कदम राज्य सरकार की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता और जलवायु परिवर्तन से निपटने की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।
इस अवसर पर ए. के. सामंतराय, कार्यकारी निदेशक सह राज्य प्रमुख (इंडियन ऑयल) ने कहा कि इस प्रकार की अधोसंरचना के विकास से सरकारी परिसरों में ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा मिलेगा तथा आमजन को भी इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने इसे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि कृषि भवन परिसर में स्थापित यह इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों के लिए सुविधाजनक एवं उपयोगी सिद्ध होगा। यह पहल बिहार को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल राज्य के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक कदम है।
इस अवसर पर बीरेंद्र प्रसाद यादव, विशेष सचिव, शैलेन्द्र कुमार, विशेष सचिव; सौरभ सुमन यादव, निदेशक, कृषि, अभिषेक कुमार, निदेशक, उद्यान, श्रीमती कल्पना कुमारी, अपर सचिव, कृषि विभाग, मनोज कुमार, अपर सचिव सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित