पटना , दिसंबर 03 -- बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने बुधवार को कहा कि कृषि एवं किसानों के विकास के बिना विकसित बिहार की परिकल्पना नहीं की जा सकती है। श्री यादव ने आज कृषि भवन, मीठापुर स्थित कृषि विभाग के विभिन्न संभागों का भ्रमण कर किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया एवं कार्यपद्धति से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिये । उन्होंने सभी संभागों में संचिकाओं को सुव्यवस्थित करने का निदेश दिया। इस दौरान कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार द्वारा संभागों द्वारा सम्पादित कार्य एवं उपस्थित पदाधिकारियों/कर्मचारियों की जानकारी दी गयी।
मंत्री श्री यादव ने प्रधान मंत्री कृषि सिंचाई योजना (सूक्ष्म सिंचाई) पर चलाये जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में नवादा एवं गया जिला से आये किसानों को सम्बोधित किया।
उन्होंने किसान कॉल सेन्टर का भी भ्रमण किया। उन्होंने किसान कॉल सेन्टर के माध्यम से किसानों की समस्याओं का किये जा रहे समाधान पर विस्तृत जानकारी ली। प्रधान सचिव ने मंत्री को अवगत कराया कि किसान कॉल सेन्टर 02 शिफ्ट में संचालित किया जाता है। यहाँ कार्यरत सभी टेली एडवाईजर कृषि विशेषज्ञ है। किसानों के द्वारा पूछे गये प्रश्न का उत्तर स्थानीय भाषा में दिया जाता है।
मंत्री ने बिहार कृषि रेडियो का भी भ्रमण कर कृषि रेडियो के माध्यम से किसानों को सम्बोधित किया। उन्होने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का स्पष्ट मानना है कि कृषि एवं किसानों के विकास के बिना विकसित बिहार की परिकल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार कृषि के चहुँमुखी विकास के लिए कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रही है।
मंत्री ने कहा कि चतुर्थ कृषि रोड मैप 2023-28 को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विभाग पूरी गम्भीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभाग किसानों की कठिनाईयों को दूर करने का प्रयास करेगा जिससे उत्पादन और उत्पादकता बढ़े और प्रदेश की आर्थिक उन्नति हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित