देहरादून , अक्टूबर 16 -- उत्तराखंड के राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती से ठीक पहले सात नवम्बर को कृषि एवं ग्राम्य विकास विभाग ने नैनीताल जिले के हल्द्वानी में "उत्तराखण्ड की शान, वीर जवान, समृद्ध नारी, सशक्त किसान" थीम पर एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तावित की है।

इस आयोजन के संदर्भ में राज्य के कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को अपने शिविर कार्यालय में कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास एवं सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की।

श्री जोशी ने सात नवंबर को हल्द्वानी में प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी विभागीय तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्रति वर्ष नौ नवंबर को को राज्य स्थापना दिवस मनाया जाता है। राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती वर्षगांठ प्रदेशवासियों के लिए गर्व का अवसर है। यह आयोजन राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कृषि, ग्राम्य विकास और सैनिक कल्याण के क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों को व्यापक रूप से सामने लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में चारों विभागों कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास एवं सैनिक कल्याण द्वारा संयुक्त रूप से भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और प्रभावी योजना सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आयोजन प्रदेश की जनता के लिए प्रेरणादायक बने।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित