श्रीगंगानगर , जनवरी 20 -- अखिल राजस्थान राज्य कृषि पर्यवेक्षक संगठन के नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष राहुल टोडावता ने संगठन की मजबूती और कृषकों के कार्यों को अपनी पहली प्राथमिकता बताते हुए जयपुर में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

इस मुलाकात के दौरान उन्होंने संगठन के सदस्यों की समस्याओं पर चर्चा की और उनके समाधान की मांग की, जिससे कृषि क्षेत्र में पर्यवेक्षकों की भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा सकें।

संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ इस बैठक की जानकारी देते हुए श्रीगंगानगर में संयुक्त कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार कलवानियाने मंगलवार को यहां बताया कि यह मुलाकात संगठन के संरक्षक ओमप्रकाश शर्मा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आनंदसिंह और पूर्व महामंत्री महेंद्र शर्मा के मार्गदर्शनमें संपन्न हुई। राहुल टोडावता के नेतृत्व में गठित प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर स्थित शासन सचिवालय में प्रमुख शासन सचिव कृषि मंजू राजपाल से और कृषि आयुक्तालय में आयुक्त कृषि चिन्मयी गोपाल से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस अवसर पर टोडावता ने कहा कि कृषकों के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कृषि पर्यवेक्षकों के हितों की रक्षा और उनके योगदान को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्धता जतायी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित